आरएस मोर कॉलेज, गोविंदपुर (धनबाद) के जूलॉजी (प्राणिविज्ञान) विभाग द्वारा सेमेस्टर 8 के विद्यार्थियों के लिए मैथन बांध और उसके आसपास के क्षेत्रों में एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का सफल आयोजन किया गया। इस दौरे का मुख्य विषय "मैथन बांध और उसके आसपास की जैव विविधता का अध्ययन" था।
कार्यक्रम के मार्गदर्शक व जूलॉजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. रवि रंजन के नेतृत्व में छात्रों ने मैथन बांध के समृद्ध पारिस्थितिकी तंत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। छात्रों ने जलीय जीवों, स्थानीय वनस्पतियों और प्रवासी पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों का व्यावहारिक अध्ययन किया, जो उनकी शैक्षणिक समझ के लिए बेहद ज्ञानवर्धक रहा।
भ्रमण के दौरान छात्र डीवीसी सीएसआर (DVC CSR) फिश फार्म पहुंचे। यहाँ फार्म के मैनेजर ओ. पी. हेम्ब्रम ने छात्रों को मछलियों में 'प्रेरित प्रजनन' (Induced Breeding) की आधुनिक तकनीकों पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने कृत्रिम गर्भाधान, हैचरी प्रबंधन और मत्स्य पालन की बारीकियों को लाइव डिमॉन्स्ट्रेशन के माध्यम से समझाया।
इस अवसर पर कुमार बी.एड कॉलेज, धनबाद के सहायक प्राध्यापक श्री कृष्ण चंद्र राम भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी और उनका मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम की सफलता पर डॉ. रवि रंजन ने कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रवीण सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्राचार्य महोदय की अनुमति, निरंतर सहयोग और दूरदर्शी सोच के बिना इस व्यावहारिक शैक्षणिक गतिविधि का सफल आयोजन संभव नहीं था। इस टूर से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान को धरातल पर समझने का बेहतरीन अवसर मिला।